मुरैना में मनरेगा कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण शुरू, ग्राम पंचायतवार कैलेंडर जारी

मुरैना जिले की सभी जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) के तहत कराए गए कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में कलेक्टर मुरैना द्वारा ग्राम पंचायतवार सामाजिक अंकेक्षण का कैलेंडर जारी किया गया है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव ने बताया कि ग्राम सामाजिक एनीमेटर (VSA) के माध्यम से सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा आयोजित होगी, जिसमें मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की जांच, सत्यापन और समीक्षा की जाएगी। सामाजिक अंकेक्षण के सफल संचालन के लिए कलेक्टर द्वारा नोडल अधिकारियों और कार्यवाही लेखन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई नामित अधिकारी ग्राम सभा से अनुपस्थित रहता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी सरपंचों, सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देशित किया है कि वे सामाजिक अंकेक्षण दल को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराएं, निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराएं तथा पूरी प्रक्रिया में सहयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि सामाजिक अंकेक्षण में सहयोग नहीं करने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले में यह पूरी प्रक्रिया कलेक्टर के आदेश और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है।

error: Content is protected !!