मुरैना। गुजरात में टाइल्स का काम करने के दौरान हुई दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। उत्तर प्रदेश से आए एक प्रेमी-प्रेमिका शुक्रवार को मुरैना जिला न्यायालय में शादी करने पहुंचे। इसी दौरान महिला के परिजन भी कोर्ट पहुंच गए। बच्चों को साथ ले जाने के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। कोर्ट परिसर में लात-घूंसे चलने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही न्यायालय सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और उन्हें कोतवाली थाना ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मीरा देवी की शादी विष्णु से हुई थी। दोनों गुजरात में टाइल्स का काम करते थे। वहीं उनकी मुलाकात सुंदर मल्हा से हुई। पहले सुंदर और विष्णु के बीच दोस्ती हुई, फिर घर आना-जाना शुरू हुआ। इसी दौरान सुंदर और मीरा के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों संपर्क में रहने लगे।बताया जा रहा है कि बाद में मीरा अपने पति के साथ उत्तर प्रदेश के डोंकी गांव लौट आई। आरोप है कि 7 जुलाई को सुंदर मीरा को अपने साथ ले गया। इसके बाद दोनों मुरैना पहुंचे और शादी करने का प्रयास कर रहे थे।
महिला के जीजा विजय केवट ने आरोप लगाया कि मीरा अपने साथ पायल, कानों के झुमके और सोने का पेंडेंट भी ले गई है। परिजनों का यह भी कहना है कि महिला के साथ उसके दो बच्चे हैं। बच्चों को साथ ले जाने को लेकर ही कोर्ट परिसर में विवाद हुआ।

सीएसपी दीपाली चन्दौरिया ने बताया कि न्यायालय सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को पकड़कर कोतवाली थाना पहुंचाया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


