मुरैना में दिनदहाड़े किडनैपिंग, बाजार जा रहे युवक को उठाकर ले गए बदमाश

मुरैना। जिले के बानमोर थाना क्षेत्र में दिन-दहाड़े हुए एक युवक के अपहरण से इलाके में सनसनी फैल गई। बाजार जा रहे 26 वर्षीय युवक को अज्ञात कार सवार बदमाशों ने पहले बेरहमी से पीटा और फिर जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

जानकारी के अनुसार, अपहृत युवक की पहचान सोनू कुशवाह (26) निवासी पवाया रोड, बानमोर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से घर से बाजार जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।घटना की सूचना मिलते ही बानमोर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मुरैना, ग्वालियर सहित आधा दर्जन संभावित ठिकानों पर दबिश दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक न तो अपहृत युवक का पता चल सका और न ही आरोपियों का कोई सुराग मिला है।

एसडीओपी सुनील कुमार ने बताया कि अपहरण के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। दिन-दहाड़े हुई इस वारदात के बाद बानमोर क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

error: Content is protected !!