कैलारस शक्कर कारखाने के पुनर्जीवन पर बनी सहमति, सहकारिता मॉडल से होगा संचालन

भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की मुलाकात, समिति गठित करने के दिए निर्देश

मुरैना। भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. साईं रेड्डी के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर कैलारस शक्कर कारखाने के भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कारखाने की भूमि एमएसएमई को हस्तांतरित करने के निर्णय को निरस्त कर इसे सहकारिता मॉडल के तहत पुनर्जीवित करने पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री ने कारखाने के पुनर्जीवन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने हेतु एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति कारखाने के संचालन, वित्तीय व्यवस्था और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि कैलारस शक्कर कारखाने का संचालन सहकारिता व्यवस्था के माध्यम से ही किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबे समय से बंद पड़े कारखाने के फिर से शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान, प्रांत संगठन मंत्री भरत पटेल तथा प्रांत कोषाध्यक्ष सतीश तिवारी सहित भारतीय किसान संघ के कई पदाधिकारी शामिल रहे।

error: Content is protected !!