मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 10.54 लाख किसानों के खातों में भेजेंगे ₹1460.25 करोड़

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (19 जुलाई) भोपाल जिले के जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 10.54 लाख किसानों के बैंक खातों में 1460.25 करोड़ रुपये की बीमा दावा राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे।

इस अवसर पर जगदीशपुर में राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक भी आयोजित की जाएगी। राज्य सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू होने से लेकर वर्ष 2024-25 तक प्रदेश के प्रभावित किसानों को 30,942.34 करोड़ रुपये का बीमा दावा भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि इस बार अल-नीनो के प्रभाव के कारण मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका है। ऐसे में फसल को नुकसान होने की स्थिति में बीमा किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति होने पर किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी आय और आजीविका को सुरक्षित रखना है।

error: Content is protected !!