जौरा में दिनदहाड़े लूट: पिता की कनपटी पर कट्टा अड़ाकर बेटी के सुहाग के गहने और नकदी लूटी

मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पगारा रोड पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने पिता-पुत्री को बीच रास्ते रोककर पिता की कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया और विवाहिता के सुहाग के गहनों सहित नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, धनेला निवासी राकेश सिंह गुर्जर अपनी विवाहिता बेटी प्रवेश गुर्जर को चाचुल गांव से बाइक पर बैठाकर अपने घर ले जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस चौकी से कुछ दूरी आगे एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक के सामने अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।

बदमाशों ने सबसे पहले बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद एक आरोपी ने राकेश सिंह गुर्जर की कनपटी पर कट्टा तान दिया, जबकि दूसरे बदमाश ने उनकी बेटी के गले से मंगलसूत्र, कानों की बालियां, हाथों की सोने की अंगूठी और चूड़ियां उतरवा लीं। आरोपियों ने राकेश की जेब से करीब 5 हजार रुपये नकद भी लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि पगारा रोड पर तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर महिला के गहने और नकदी लूट ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

error: Content is protected !!