मुरैना। जिले की अंबाह तहसील के ग्राम लुधावली में करीब 25 वर्षों से लंबित भूमि विवाद का समाधान करते हुए प्रशासन ने 82 बीघा से अधिक शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इसके बाद 14 वास्तविक पट्टाधारकों को उनकी भूमि का विधिवत कब्जा सौंपा गया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के तहत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

अभियान का नेतृत्व एसडीएम अंबाह प्रतिज्ञा शर्मा और तहसीलदार नरेश शर्मा ने किया। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन और कब्जा दिलाने की प्रक्रिया पूरी कराई।जानकारी के अनुसार वर्ष 2001-02 में ग्राम लुधावली के भूमिहीन परिवारों को शासन द्वारा भूमि के पट्टे दिए गए थे, लेकिन लगभग 25 वर्षों तक उन्हें अपनी जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका था। प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर सर्वे नंबर 424, 426 और 430 की कुल 82 बीघा से अधिक भूमि का सीमांकन कराया और एक ही दिन में 14 सीमांकन की कार्रवाई पूरी कर संबंधित पट्टाधारकों को उनकी जमीन का कब्जा दिलाया।

तहसीलदार नरेश शर्मा ने बताया कि अभियान में 25 पटवारियों और 50 कोटवारों की टीम ने लगभग छह घंटे तक मौके पर रहकर कार्रवाई की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।प्रशासन ने उन परिवारों के वैधानिक उत्तराधिकारियों को भी भूमि का अधिकार दिलाया, जिनके मूल पट्टाधारकों का वर्षों पहले निधन हो चुका था। वर्षों बाद अपनी जमीन का कब्जा मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।