मुरैना जिले के जौरा कस्बे में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुराने रेलवे स्टेशन के सामने पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान जेसीबी मशीन की खुदाई से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद तेज धमाके के साथ आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जब सड़कें लगभग सुनसान थीं। इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुदाई के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन टूट गई और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों तक कंपन महसूस हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे वाली जगह से कुछ ही दूरी पर नाश्ते की दुकानों की भट्टियां जल रही थीं। यदि आग वहां तक पहुंच जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी तथा बड़ा विस्फोट होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए।
एसडीएम शिवम शर्मा ने बताया कि पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से यह घटना हुई है। पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।