मुरैना। जिले के पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र से पुलिस पर गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। ग्राम कोर्ट सिरथरा निवासी लाली ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के चलते उसके जेठ मुकेश कुशवाह के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी रात के समय उनके घर पहुंचकर परिवार को लगातार परेशान कर रहे हैं।

पीड़िता के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने जमीन विवाद में पुलिस से कथित सांठगांठ कर उसके जेठ के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस बार-बार रात में घर पहुंचती है, गेट बजाकर परिवार के लोगों को परेशान करती है। महिला का आरोप है कि घर में मौजूद गर्भवती महिलाओं को भी राहत नहीं मिलती। पीड़ित महिला का आरोप है कि जब गर्भवती महिलाएं सो रही होती हैं, तब पुलिसकर्मी उनकी खाट पर डंडे मारकर उन्हें उठाते हैं, जिससे परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

एफआईआर पर भी उठाए सवाल
पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में पीड़ित परिवार ने एफआईआर पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस घटना का उल्लेख एफआईआर में 16 जून 2026 को सुबह 8 बजे का किया गया है, उस समय वे कथित घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। परिवार का दावा है कि उनके मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य उपलब्ध साक्ष्य यह साबित कर सकते हैं कि उस समय उनकी मौजूदगी किसी अन्य स्थान पर थी।

निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों की जांच करवाने, दर्ज एफआईआर की समीक्षा करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।