मुरैना में अवैध पत्थर मंडी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक मौके से फरार

मुरैना। शहर के न्यू हाउसिंग बोर्ड के सामने संचालित अवैध पत्थर मंडी पर शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थरों से भरी 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कीं। कार्रवाई में दो थानों की पुलिस और पुलिस लाइन का बल शामिल रहा। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।पुलिस को लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थरों के भंडारण और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

चारों ओर से घेराबंदी, चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागे

कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चालक फरार न हो सकें, इसके लिए पुलिस ने चारों ओर से बड़े वाहनों की मदद से रास्तों की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां छोड़कर मौके से भाग निकले। इस दौरान भागने की कोशिश में कुछ ट्रॉलियां पलट भी गईं।

जेसीबी से हटाई गईं पलटी ट्रॉलियां

पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से पलटी हुई ट्रॉलियों को सीधा कराया और सभी 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया। इसके बाद वाहनों को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

सीएसपी दीपाली चन्दौरिया ने बताया कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार की कार्रवाई में पत्थरों से भरी 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गई हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!