मुरैना में ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल का गठन, अधिकारों की सुरक्षा और शिकायतों के लिए बनेगी विशेष व्यवस्था

मुरैना। ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिला स्तरीय ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल का गठन किया है।

यह गठन ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 और ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) नियम, 2021 के तहत किया गया है। सेल का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक, सुरक्षित और भेदभाव-मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

गठित सेल में पुलिस अधीक्षक, मुरैना को अध्यक्ष तथा उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को सचिव-सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास), जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कानूनी सलाहकार और ट्रांसजेंडर समुदाय की प्रतिनिधि नेहा किन्नर को सदस्य नामित किया गया है।

यह सेल ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के साथ होने वाले भेदभाव, उत्पीड़न और अन्य शिकायतों का पंजीयन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। साथ ही पहचान प्रमाण-पत्र एवं परिचय-पत्र जारी कराने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेगी। समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस, विभिन्न विभागों और आम नागरिकों के लिए समय-समय पर सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति समानता, सम्मान और गरिमा का वातावरण विकसित हो सके।

error: Content is protected !!