मुरैना। मूंग खरीदी और पंजीयन में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष सतेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में करीब 50 किसान और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे।

किसानों ने पहले एडीएम अश्विनी रावत को ज्ञापन सौंपा, इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए।

किसान यूनियन का आरोप है कि मूंग खरीदी के पंजीयन में मुरैना के किसानों के साथ अन्य जिलों की तुलना में भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि सम्मिलित हिस्सेदारों का पंजीयन नहीं किया जा रहा, जबकि कई किसानों के नामांतरण लंबित होने के कारण वे पंजीयन कराने से वंचित हैं। किसानों ने मांग की कि सभी पात्र किसानों का जल्द से जल्द पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।

धरने पर बैठे किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। समाचार लिखे जाने तक किसान कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर डटे रहे।

इस मामले में एडीएम अश्विनी रावत ने बताया कि किसानों का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि अधिकांश मामले ऐसे किसानों के हैं जिनका पंजीयन सत्यापन पूरा नहीं हो सका है। इस संबंध में भोपाल को पत्र भेजा गया है और उम्मीद है कि आज शाम तक इस संबंध में निर्णय हो जाएगा।