मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सामाजिक अंकेक्षण कार्य केवल प्रशिक्षित ग्राम सामाजिक एनीमेटरों से कराने की मांग

मुरैना। ग्राम विकास सामाजिक एनीमेटर संघ, जिला मुरैना ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) का कार्य केवल पूर्व से चयनित एवं प्रशिक्षित ग्राम सामाजिक एनीमेटरों (VSA) से कराए जाने की मांग की है।

संघ के जिला अध्यक्ष दीपेश शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सामाजिक अंकेक्षण योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके लिए वर्षों पहले चयनित और प्रशिक्षित ग्राम सामाजिक एनीमेटरों को व्यापक प्रशिक्षण दिया गया था, जिन्होंने मनरेगा सहित कई योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण का कार्य प्रभावी ढंग से किया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि यदि सामाजिक अंकेक्षण का कार्य बाहरी व्यक्तियों, निजी एजेंसियों या अप्रशिक्षित लोगों को सौंपा जाता है तो इससे प्रशिक्षित एनीमेटरों की उपेक्षा होगी तथा शासन द्वारा उनके प्रशिक्षण पर किया गया समय और खर्च भी व्यर्थ हो जाएगा।संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण केवल प्रशिक्षित VSA से कराया जाए, बाहरी एजेंसियों एवं अप्रशिक्षित व्यक्तियों को यह कार्य न दिया जाए तथा वर्तमान प्रशिक्षित एनीमेटरों को नियमित रूप से सामाजिक अंकेक्षण का कार्य उपलब्ध कराया जाए।

इस संबंध में एडीएम अश्विनी रावत ने बताया कि विलेज सोशल एनिमेटर (VSA) का एक प्रतिनिधिमंडल ज्ञापन लेकर आया था। प्रशासन द्वारा उनका आवेदन प्राप्त कर लिया गया है और नियमानुसार उसे मुख्यमंत्री के लिए भोपाल भेजा जा रहा है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष परीक्षित शर्मा, प्रदेश सह सचिव कुलदीप शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष नितिन शिवहरे, मोनू श्रीवास, रवि कुमार बघेल, आदित्य जादौन, धर्मवीर शर्मा, बचन सिंह कुशवाह, दीपक शाक्य सहित अन्य ग्राम सामाजिक एनीमेटर साथी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!