मुरैना। जन विश्वास अभियान 2026 के तहत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने ग्राम पंचायत लल्लूबसई स्थित प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई की प्रगति, भाषा एवं गणित की बुनियादी समझ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की कार्यपुस्तिकाओं का अवलोकन किया और विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर बच्चों के शैक्षणिक स्तर को परखा।

कक्षा 5 के विद्यार्थियों से 50 मिनट किया संवाद
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने करीब 50 मिनट तक कक्षा 5 के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई, अनुशासन और नियमित उपस्थिति का महत्व समझाते हुए जीवन में शिक्षा की भूमिका के बारे में मार्गदर्शन दिया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ सीखने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

स्मार्ट क्लास और शैक्षणिक गतिविधियों का लिया जायजा
कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एफएलएन गतिविधियों, निपुण भारत अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों, पाठ योजना, शिक्षण गतिविधियों, डाइट प्रशिक्षण, विद्यार्थियों की उपस्थिति, अभिभावक जागरूकता कार्यक्रमों और विद्यालय निरीक्षण अभिलेखों का परीक्षण किया।उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित मूल्यांकन किया जाए।

पेयजल, शौचालय और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था देखी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में पेयजल, शौचालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण और स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी ली।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक और समय पर मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही भोजन निर्माण और वितरण के दौरान स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव पर जोर
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की प्रगति पर विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त प्रयास किए जाएं। उन्होंने अभिभावकों से लगातार संपर्क बनाए रखने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में स्वच्छ, सुरक्षित और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण बनाए रखने तथा शासन की सभी शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
