मुरैना/कैलारस। कैलारस क्षेत्र के सुजरमा गांव के पास क्वारी नदी में करीब 10 फीट लंबे मगरमच्छ का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ का शव नदी के पानी में तैरता दिखाई देने पर ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को बाहर निकलवाकर कैलारस पशु अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।वन विभाग के अनुसार मगरमच्छ काफी बुजुर्ग था और पोस्टमार्टम के बाद प्रथम दृष्टया उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हो रही है। पीएम के बाद वन विभाग ने नियमानुसार शव का नष्टीकरण करते हुए उसे मिट्टी में दफना दिया।
तीन दिन पहले बकरी का किया था शिकार
ग्रामीणों के मुताबिक करीब तीन दिन पहले इसी मगरमच्छ ने एक किसान की बकरी का शिकार किया था। इसके बाद अब उसी मगरमच्छ का मृत अवस्था में शव मिलने से नदी क्षेत्र में मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

बारिश में क्वारी नदी तक पहुंचते हैं मगरमच्छ
वन विभाग के अनुसार चंबल नदी की तलहटी में बड़ी संख्या में मगरमच्छ पाए जाते हैं। चंबल नदी से क्वारी नदी की दूरी कम होने के कारण बारिश के मौसम में मगरमच्छ बीहड़ के खार-नालों के रास्ते क्वारी नदी तक पहुंच सकते हैं। क्वारी नदी में पहले भी मगरमच्छों की मौजूदगी सामने आ चुकी है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

रेंजर ने क्या कहा?
रेंजर आकाश तोमर ने बताया कि सुजरमा गांव के पास क्वारी नदी में करीब 10 फीट लंबा मगरमच्छ मृत अवस्था में मिला था। उसका पोस्टमार्टम कराया गया है। मगरमच्छ काफी बुजुर्ग था और प्रथम दृष्टया उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हो रही है।