नीट परीक्षा के लिए प्रशासन की बड़ी तैयारी, हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बल तैनात

मुरैना। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 21 जून 2026 (रविवार) को मुरैना जिला मुख्यालय के सात परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा में जिले के लगभग 2,366 अभ्यर्थी शामिल होंगे।परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सुचारु संचालन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं नोडल अधिकारियों की तैनाती की है।कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने शासकीय पीएम केंद्रीय विद्यालय, अंबाह रोड, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय तथा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के लिए डिप्टी कलेक्टर प्रतिज्ञा शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं शासकीय प्रधानमंत्री स्नातकोत्तर उत्कृष्ट महाविद्यालय, शासकीय कन्या महाविद्यालय, शासकीय विधि महाविद्यालय और शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गणेशपुरा के लिए डिप्टी कलेक्टर भरत कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गोपनीय परीक्षा सामग्री की होगी जीपीएस से निगरानी

नीट परीक्षा की गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सात विशेष वाहनों की व्यवस्था की गई है। इन सभी वाहनों में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) लगाया जाएगा, जिससे उनकी ऑनलाइन निगरानी की जा सके। जिला प्रबंधक लोक सेवा केंद्र अनूप शर्मा को इस कार्य का नोडल अधिकारी बनाया गया है।निर्बाध बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोरजिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रत्येक केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग के दल सुबह 10 बजे से तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य दल परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति में अभ्यर्थियों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा के दौरान सातों केंद्रों पर महिला एवं पुरुष सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी, अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश या सत्यापन प्रक्रिया के दौरान अनावश्यक परेशानी न हो।जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा का आयोजन बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

error: Content is protected !!