मुरैना में करियर काउंसिलिंग के लिए मनोवैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित

मुरैना। शिक्षित बेरोजगार युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता और कौशल के अनुरूप सही करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, मुरैना द्वारा संचालित कैरियर काउंसिलिंग योजना के अंतर्गत अनुभवी मनोवैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर दिशा प्रदान करना है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि यह चयन किसी स्थायी अथवा संविदा नियुक्ति के लिए नहीं किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार आयोजित किए जाने वाले कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों में विशेषज्ञ सेवाएं प्राप्त करने के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विशेषज्ञ स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेकर विद्यार्थियों और युवाओं को करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन देंगे। मनोवैज्ञानिक पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता एम.ए. (मनोविज्ञान), पी.जी. डिप्लोमा इन कैरियर काउंसिलिंग अथवा समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। वहीं विषय विशेषज्ञ के लिए संबंधित विषय में डिग्री या डिप्लोमा के साथ प्रवेश प्रक्रियाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं अथवा स्वरोजगार के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव होना अनिवार्य रखा गया है। जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। आवेदन पत्र 19 जून 2026 को शाम 6 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय, चम्बल कॉलोनी, ए.बी. रोड, मुरैना में जमा किए जा सकते हैं।अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से जिले के युवाओं को सही करियर विकल्प चुनने में मदद मिलेगी और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों की जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

error: Content is protected !!