मुरैना। शहर के बड़े जैन मंदिर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आगरा निवासी आरोपी शैलेश वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी का छत्र बरामद किया गया है।

250 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस के मुताबिक, मंदिर में चोरी की वारदात के बाद आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम ने कई जिलों में दबिश दी। टीम ने छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, सागर, सीहोर, राजगढ़ और गुना समेत कई स्थानों पर आरोपी की तलाश की।जांच के दौरान पुलिस ने 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी शैलेश वर्मा को आगरा से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शैलेश वर्मा के खिलाफ आगरा में पहले से ही करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी एक प्रकरण दर्ज बताया जा रहा है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
मंदिर चोरी की वारदात का खुलासा करने और आरोपी को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम की एसपी ने सराहना की है। एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।