मुरैना में अंतर्राज्यीय चोर-लुटेरा गैंग का पर्दाफाश, 3 बदमाश गिरफ्तार, 26 लाख का माल बरामद

मुरैना पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर-लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 लाख रुपये का माल, 315 बोर के दो कट्टे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से मुरैना जिले में लूट और चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। 30 जुलाई को जौरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दंपती के साथ हुई लूट की वारदात भी इसी गिरोह द्वारा किए जाने की बात सामने आई है।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी धर्मराज मीणा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की।इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मुरैना के अलावा तीन जिलों में वारदातों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने मुरैना के अलावा भिंड, ग्वालियर और राजस्थान के धौलपुर में भी लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 लाख रुपये का चोरी और लूट का माल बरामद किया है।इसके साथ ही दो 315 बोर के कट्टे और 10 जिंदा राउंड भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने किया खुलासा

पूरे मामले का खुलासा एसपी धर्मराज मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और उसके फरार सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।पुलिस की इस कार्रवाई से मुरैना समेत आसपास के जिलों में सक्रिय चोर-लुटेरा गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

error: Content is protected !!