Morena Mega Health Checkup Camp: मुरैना। रोटरी क्लब चंबल एवं शारदा केयर हेल्थसिटी के संयुक्त सहयोग से रविवार, 23 अगस्त को Government Excellence Higher Secondary School No. 1, एम.एस. रोड, मुरैना में मेगा हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में करीब 1000 लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 के प्रांतपाल रोटेरियन सीए बृजमोहन अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट की प्रथम महिला रोटेरियन अनीता अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटेरियन आनंद गुप्ता एवं सह प्रांतपाल रोटेरियन सीए प्रकाश अग्रवाल उपस्थित रहे। रोटरी क्लब चंबल के अध्यक्ष रोटेरियन करतार सिंह राजपूत एवं सचिव रोटेरियन मयंक श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करना और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में रैंडम ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, बोन मिनरल डेंसिटी (BMD), न्यूरोपैथी टेस्ट एवं पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क की गईं।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श
शारदा केयर हेल्थसिटी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। डॉ. अनिल ठाकवानी, डायरेक्टर एवं हेड–क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी ने कैंसर से संबंधित समस्याओं एवं उपचार की जानकारी दी। वहीं डॉ. हेमकांत वर्मा, सीनियर कंसल्टेंट एवं यूनिट हेड–सर्जिकल ऑन्कोलॉजी ने स्तन, छाती एवं अन्य प्रकार के कैंसर से जुड़ी समस्याओं पर परामर्श दिया।

डॉ. अनिल शर्मा एवं डॉ. अहमद कामाल, डायरेक्टर–किडनी ट्रांसप्लांट, ने किडनी रोग, किडनी फेल्योर, किडनी स्टोन एवं यूरोलॉजी संबंधी समस्याओं के बारे में लोगों को चिकित्सकीय सलाह दी। डॉ. कुणाल राज गांधी, डायरेक्टर–नेफ्रोलॉजी ने क्रॉनिक किडनी डिजीज, एक्यूट किडनी इंजरी, हाई ब्लड प्रेशर तथा किडनी की गंभीर बीमारियों से बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया। डॉ. प्रवीण रमन मिश्रा, एसोसिएट कंसल्टेंट–कार्डियक साइंसेज ने हृदय रोग, एंजियोप्लास्टी, ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधी जांचों को लेकर परामर्श दिया। वहीं डॉ. विजय कुमार, सीनियर कंसल्टेंट–जेरियाट्रिक मेडिसिन ने वरिष्ठ नागरिकों में होने वाली हाइपरटेंशन, डायबिटीज, मोटापा, कब्ज, ऑस्टियोपोरोसिस, फ्रैक्चर प्रिवेंशन तथा संज्ञानात्मक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर जानकारी दी।

नियमित स्वास्थ्य जांच पर दिया जोर
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कहा कि कई गंभीर बीमारियां शुरुआती दौर में स्पष्ट लक्षण नहीं देतीं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श बेहद महत्वपूर्ण है। चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे लोगों ने रोटरी क्लब चंबल एवं शारदा केयर की इस पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श मिलना आमजन के लिए काफी उपयोगी रहा। रोटरी क्लब चंबल ने भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।