रोटरी क्लब मुरैना ने शुरू किया सिलाई केंद्र का रिटेल आउटलेट, 27 यूनिट रक्तदान

रोटरी क्लब मुरैना ने सेवा और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाया महत्वपूर्ण कदम

मुरैना। रोटरी क्लब मुरैना द्वारा रविवार को सेवा, स्वावलंबन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहल की गईं। क्लब की ओर से रोटरी सिलाई केंद्र की प्रशिक्षित बालिकाओं द्वारा तैयार उत्पादों के रिटेल आउटलेट का शुभारंभ किया गया। इसी अवसर पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 27 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।

रोटरी सिलाई केंद्र के रिटेल आउटलेट का शुभारंभ रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (DG) रोटेरियन CA बृजमोहन अग्रवाल ने फीता काटकर किया। केंद्र का उद्देश्य सिलाई एवं हस्तकला का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वहीं, बालिकाओं को प्रशिक्षण देकर हुनरमंद बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली प्रशिक्षक पूनम तोमर को उनके समर्पण और योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

रिटेल आउटलेट पर लेडीज सूट, कुर्ती, बैग, पर्स, पाउच, कुशन कवर, होम डेकोर, टेबल लिनेन, रनर और हस्तनिर्मित उपहार सामग्री सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। क्लब की यह पहल प्रशिक्षित बालिकाओं के हुनर को रोजगार और आय के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

27 यूनिट रक्तदान

इसी अवसर पर रोटरी क्लब मुरैना द्वारा रक्तदान शिविर भी लगाया गया। क्लब सदस्यों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 27 यूनिट रक्तदान किया। क्लब ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

रोटरी क्लब मुरैना के अध्यक्ष रोटेरियन तरुण शर्मा एवं सचिव रोटेरियन गौरव मोदी ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज में ऐसे स्थायी प्रयास करना है, जिनसे जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले। सिलाई केंद्र और रक्तदान शिविर इसी उद्देश्य की कड़ी हैं।

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष चंचल अग्रवाल, कोऑर्डिनेटर गौरव गुप्ता, को-कोऑर्डिनेटर पूनम तोमर सहित रोटरी क्लब मुरैना के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।“हुनर से आत्मनिर्भरता की ओर” बढ़ता रोटरी सिलाई केंद्र और “एक बूंद रक्त, अनेक जिंदगियां” का संदेश देता रक्तदान शिविर रोटरी क्लब मुरैना की सेवा भावना एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

error: Content is protected !!