
मुरैना। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 ट्रॉली अवैध रेत को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर पूरे जिले में संचालित अभियान के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी अम्बाह रवि भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना नगरा पुलिस ने 16-17 जून 2026 की दरमियानी रात क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। पुलिस टीम ने नगरा डेयरी के पास, भूपपुरा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र तथा साहसपुरा इलाके में जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित रेत बरामद की।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर करीब 100 ट्रॉली (लगभग 200 घनमीटर) रेत अवैध रूप से संग्रहित मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.20 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से पूरी रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।