मुरैना में अवैध रेत भंडारण पर कार्रवाई, 11 लाख की रेत मौके पर नष्ट

मुरैना। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस, एसएएफ एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायडी घाट पर अवैध रूप से भंडारित रेत को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 500 ट्रॉली (1000 घनमीटर) रेत, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई गई है, को जेसीबी और लोडर की मदद से मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया गया। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना (भापुसे) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अवैध रेत परिवहन में उपयोग होने वाले मार्गों की पहचान कर उन्हें बाधित करने तथा प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं प्रभारी एसडीओपी सबलगढ़ उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना टैंटरा पुलिस, एसएएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रायडी घाट पर कार्रवाई की।संयुक्त टीम ने 18 जून 2026 को रायडी घाट पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रेत का भंडारण पाया गया। इसके बाद पुलिस, वन विभाग और एसएएफ के संयुक्त बल ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए करीब 500 ट्रॉली रेत को एक जेसीबी मशीन एवं दो लोडर की सहायता से मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन और रेत माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!