मुरैना। जिले में बस संचालन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर बस ऑपरेटर्स यूनियन ने आरटीओ को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा है। यूनियन ने मांगों के निराकरण के लिए 10 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर बसों का संचालन बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

बस ऑपरेटरों ने क्षेत्र में खराब और डग्गामार बसों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि ऐसी बसों के संचालन से यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। इसके साथ ही जर्जर और खराब सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग रखी गई है, ताकि यात्रियों और बस चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

यूनियन ने बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी उठाई है। वहीं आरटीओ कार्यालय में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की गई है, जिससे बस संचालकों से जुड़े जरूरी कार्य समय पर पूरे हो सकें। बस ऑपरेटर्स यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि 10 सितंबर तक पांच सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो जिले में बसों का संचालन बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। ऐसे में हड़ताल होने पर यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।