मुरैना जिले के सिहोनिया कस्बे में एक मिठाई दुकान पर नाश्ते के दोने में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। नाश्ता करने पहुंचे युवक ने जब दोने में छिपकली देखी तो हड़कंप मच गया। युवक और उसके साथियों ने दुकान पर आपत्ति जताते हुए मामले की शिकायत पुलिस और फूड विभाग से की।
अंबिका मिष्ठान्न भंडार पर पहुंचे थे नाश्ता करने
बताया जा रहा है कि रक्षा बंधन के दिन सिहोनिया कस्बे में अंबिका मिष्ठान्न भंडार नाम से नई दुकान की शुरुआत हुई थी। इसी दुकान पर रवि सिसोदिया अपने चार साथियों के साथ नाश्ता करने पहुंचे थे। नाश्ता परोसे जाने के बाद दोने में मरी हुई छिपकली दिखाई दी, जिसके बाद युवक और उसके साथियों ने दुकान संचालक के सामने नाराजगी जताई। मामले की शिकायत फूड विभाग तक पहुंचने के बाद फूड अधिकारी अनिल परिहार तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान का निरीक्षण किया और नाश्ते के सैंपल लिए। विभाग ने इन सैंपलों को जांच के लिए भोपाल भेज दिया है।
जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
फूड अधिकारी अनिल परिहार के अनुसार, सिहोनिया में नाश्ते में मरी हुई छिपकली मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। अधिकारी ने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया मामले में किसी की शरारत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अधिकारी के मुताबिक, यदि छिपकली वास्तव में सब्जी में गिरी थी तो इससे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। हालांकि फिलहाल नाश्ता करने वाले किसी व्यक्ति की तबीयत खराब होने की सूचना सामने नहीं आई है।
अब नाश्ते के लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मरी हुई छिपकली खाद्य सामग्री में कैसे पहुंची और मामले में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही हुई है या फिर किसी की शरारत थी।