दिनदहाड़े फायरिंग, लोन रिकवरी एजेंट को मारी गोली

मुरैना जिले के कैलारस में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। कार लोन की रिकवरी के सिलसिले में कैलारस पहुंचे एक रिकवरी एजेंट को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली युवक के घुटने में लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार घायल रिकवरी एजेंट की पहचान मिंटो सिकरवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मिंटो शनिवार दोपहर कार लोन की रिकवरी के लिए कैलारस आया था। इसी दौरान बांके बिहारी होटल के सामने उसने बिना नंबर की एक कार को रोकने का प्रयास किया।

आरोप है कि कार में सवार युवकों ने इसी दौरान मिंटो को निशाना बनाकर अवैध हथियार से फायर कर दिया। गोली उसके घुटने में जा लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। फायरिंग के बाद आरोपी कार को तेज रफ्तार से भगाकर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कैलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल मिंटो को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

कैलारस थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि बांके बिहारी होटल के सामने एक युवक को गोली मारने की सूचना मिली थी। घायल युवक कार लोन रिकवरी एजेंट है और रिकवरी के काम से कैलारस आया था। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत

कैलारस में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अब फरार आरोपियों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार और आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

error: Content is protected !!