90 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, दिल्ली ले जाकर कालाबाजारी की थी तैयारी

मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में राशन सामग्री और घरेलू उत्पादों की कालाबाजारी तथा आवश्यक वस्तुओं की अवैध बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बागचीनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर और एक लोडिंग वाहन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को थाना बागचीनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लोडिंग वाहन में बड़ी संख्या में एलपीजी गैस सिलेंडर भरकर कालाबाजारी के लिए दिल्ली ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने बागचीनी रोड पर चेकिंग लगाई और लोडिंग वाहन क्रमांक DL 1 LAT 3780 को रोककर तलाशी ली।


जांच के दौरान वाहन में इंडेन कंपनी के 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 90 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। पुलिस द्वारा सिलेंडरों के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन चालक के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले।
इसके बाद पुलिस ने लोडिंग वाहन और 90 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब्त मशरुका की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई है। मामले में थाना बागचीनी में अपराध क्रमांक 194/2026, धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं धारा 287 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल डावर के मार्गदर्शन और एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के निर्देशन में थाना बागचीनी पुलिस द्वारा की गई।

error: Content is protected !!