मुरैना। बागचीनी थाना क्षेत्र के खैरा गांव में खेत के रास्ते को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद करीब 10 लोग एक परिवार के घर में घुस गए और पति-पत्नी, उनके 15 वर्षीय बेटे तथा 16 वर्षीय भतीजे के साथ लाठियों से जमकर मारपीट की। घटना में चारों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जबकि मारपीट का वीडियो मंगलवार रात सामने आया। वीडियो में घायल लोग हमलावरों से उन्हें छोड़ने की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।

महिलाओं ने घायलों को पहुंचाया थाने
मारपीट के बाद परिवार की महिलाओं ने घायलों को बागचीनी थाने पहुंचाया। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक खैरा गांव निवासी महेश कुशवाह (37) का अपने ही परिवार के पवन कुशवाह पक्ष से खेत से रास्ता निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते पवन कुशवाह, बलराम कुशवाह, कोक सिंह कुशवाह, मनफूल कुशवाह सहित करीब 10 अन्य लोग महेश के घर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने महेश कुशवाह, उनकी पत्नी सोना देवी (34), बेटे अजय कुशवाह (15) और भतीजे चंद्रभान (16) के साथ लाठियों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी घायल अवस्था में चारों को छोड़कर मौके से भाग गए।

परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
घायल महेश के बहनोई करण कुशवाह ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के बावजूद आरोपियों के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि गंभीर मारपीट के मामले में अगले दिन सामान्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बढ़ सकती हैं धाराएं
जौरा एसडीओपी नितिन बघेल के अनुसार, मामला एक ही परिवार के लोगों के बीच खेत के रास्ते को लेकर हुए विवाद का है। मारपीट में घायल सभी लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने बताया कि वीडियो घटना के दूसरे दिन सामने आया है। मेडिकल रिपोर्ट में यदि गंभीर चोट की पुष्टि होती है तो उसके आधार पर धाराओं में इजाफा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।