मुरैना। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के नैनागढ़ रोड स्थित कृषि उपज मंडी गेट के सामने आधी रात तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सड़क पर टहल रहे 18 वर्षीय युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक घायल युवक की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, सिद्ध नगर निवासी संगीत सिंकरवार (18) पुत्र रविन्द्र सिंकरवार 1 सितंबर रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद सड़क पर टहलने निकला था। इसी दौरान बिना नंबर की अर्टिगा कार तेज रफ्तार से आई और युवक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संगीत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, सामने आए सीसीटीवी फुटेज में अर्टिगा कार युवक को टक्कर मारने के बाद बिना रुके तेज रफ्तार से मौके से फरार होती दिखाई दे रही है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर अर्टिगा कार और उसके चालक की तलाश कर रही है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस कार और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जल्द ही चालक को पकड़ लिया जाएगा।