मुरैना। नेशनल हाईवे-44 पर सेल्टिक्स बैरियर के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्री को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में पिता-पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
धौलपुर रिश्तेदारी में जा रहे थे पिता-पुत्री
मृतकों की पहचान राजस्थान के सैपऊ थाना क्षेत्र के हाजीपुर निवासी राजू पुत्र सुघर सिंह परमार (45) और उनकी 14 वर्षीय बेटी सोनिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्री बाइक से धौलपुर रिश्तेदारी में जा रहे थे।इसी दौरान मुरैना के नेशनल हाईवे-44 पर सेल्टिक्स बैरियर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक से नीचे गिर गए और ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर चोटों के चलते पिता-पुत्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ट्रक छोड़कर मौके से भागा चालक
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव के अनुसार, हादसे में पिता-पुत्री की मौत हुई है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि ट्रक चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।