स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर मेहरबान बिजली कंपनी, 18.51 लाख की दी राहत

मुरैना|मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टाइम ऑफ डे (TOD) योजना के तहत विशेष छूट प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में मई 2026 के दौरान मुरैना जिले के 9 हजार 703 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को कुल 18 लाख 51 हजार रुपये की रियायत का लाभ मिला है। कंपनी द्वारा यह छूट उपभोक्ताओं की बिजली खपत के आधार पर प्रदान की गई है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि स्मार्ट मीटरिंग पहल के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सोलर ऑवर में बिजली उपयोग करने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। यह छूट सरकारी सब्सिडी (यदि कोई हो) को छोड़कर ऊर्जा प्रभार की दरों पर लागू की जाती है। कंपनी के अनुसार घरेलू, गैर-घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट तथा निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की अवधि को सोलर ऑवर घोषित किया गया है। इस अवधि में बिजली का उपयोग करने वाले 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड अथवा अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर में 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने आमजन से अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से सटीक रीडिंग, पारदर्शी बिलिंग और बिजली खपत की रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो रही है, जिससे उपभोक्ता अपनी खपत पर बेहतर नियंत्रण रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता मोबाइल एप पर कहीं से भी अपनी बिजली खपत की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे न केवल ऊर्जा बचत को बढ़ावा मिलता है, बल्कि बिजली के उपयोग को अधिक प्रभावी और किफायती बनाने में भी मदद मिलती है।

स्मार्ट मीटर के प्रमुख फायदे

बिजली की खपत को ट्रैक कर उसे नियंत्रित करने और ऊर्जा बचत में मदद। सटीक रीडिंग के कारण बिलिंग में पारदर्शिता और त्रुटियों की संभावना कम। मोबाइल एप के जरिए रियल-टाइम खपत की जानकारी उपलब्ध। ऊर्जा की गुणवत्ता संबंधी जानकारी प्राप्त करने की सुविधा। ऑनलाइन मॉनिटरिंग और खपत प्रबंधन की सुविधा।ऊर्जा बचत के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान। कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर प्रणाली ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ पहुंचाने और बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

error: Content is protected !!