मुरैना। जिले में सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम में बस संचालकों एवं उनके प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जिलेभर के 50 से अधिक बस ऑपरेटर शामिल हुए, जिन्हें यातायात नियमों के कड़ाई से पालन और सुरक्षित बस संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी धर्मराज मीना ने स्पष्ट कहा कि ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग और अवैध पार्किंग जैसी गतिविधियों पर अब सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, पंजीयन और प्रदूषण प्रमाण-पत्र अद्यतन एवं वैध होना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में बसों में स्पीड गवर्नर, जीपीएस और आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र कार्यशील रखने तथा यात्रियों को केवल निर्धारित स्टॉप पर चढ़ाने-उतारने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चालक और परिचालक यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करें तथा किसी भी स्थिति में शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन संचालन न करें। उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की।बैठक के दौरान बस संचालकों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके निराकरण का आश्वासन दिया गया। पुलिस प्रशासन ने सभी बस संचालकों से सुरक्षित, व्यवस्थित और नियमबद्ध परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपेक्षा जताई।
