अवैध पत्थर परिवहन पर कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, 32 लाख की 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

मुरैना। जिले में अवैध पत्थर उत्खनन और परिवहन के खिलाफ नूराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जरारा गांव के पास घेराबंदी कर खण्डा-पत्थर से भरी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान चारों ट्रैक्टर चालकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, नूराबाद थाना प्रभारी सौरभ पुरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से खण्डा-पत्थर का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से मुरैना शहर की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने जरारा गांव के पास दबिश देकर वाहनों की घेराबंदी की।

पुलिस ने मौके से नवल गुर्जर, भोला गुर्जर, रामबोल गुर्जर और राजेश गुर्जर, सभी निवासी बिसेठा, को गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि आरोपी अवैध रूप से खण्डा-पत्थर का परिवहन कर उसे बिक्री के लिए मुरैना शहर ले जा रहे थे। पुलिस ने चारों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया है। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

नूराबाद पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पत्थर उत्खनन और परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

error: Content is protected !!