मुरैना। भारतीय मुद्रा के 1 और 2 रुपये के सिक्के स्वीकार नहीं करने की शिकायत पर प्रशासन ने मुरैना के मुकुल स्पोर्ट्स, राठी कॉम्पलेक्स, एम.एस रोड के संचालक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।
एसडीएम मुरैना रामनिवास सिकरवार के निर्देश पर तहसीलदार मुरैना नगर से मामले की जांच कराई गई। जांच में दुकान पर भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी 1 और 2 रुपये के सिक्के स्वीकार नहीं किए जाने की बात सामने आई। शिकायत के संबंध में ऑडियो रिकॉर्ड भी जांच में प्रस्तुत किया गया है। सूचना पत्र में भारतीय सिक्का अधिनियम, 2011 की धारा 6(1) का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि प्रचलित सिक्के वैध मुद्रा हैं। संचालक को 9 सितंबर 2026 या उससे पहले कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही दुकान स्थापना/पंजीयन, जीएसटी पंजीयन, आयकर विवरणी और श्रम विभाग पंजीयन से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने को कहा गया है। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।