मुरैना। शहर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने संजय कॉलोनी की पटी गली स्थित एक मकान में दबिश देकर 84 लीटर अवैध शराब बरामद की है। मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संजय कॉलोनी की पटी गली में एक महिला अपने घर से अवैध शराब बेचने का काम कर रही है। सूचना के बाद थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने बताए गए मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में फ्रिज, लॉकर और अन्य स्थानों पर शराब की बोतलें रखी मिलीं। पुलिस ने मौके से कुल 84 लीटर अवैध शराब जब्त की।

पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान रजनी सिंकरवार पत्नी सरमन सिसोदिया, निवासी पटी गली, संजय कॉलोनी, मुरैना के रूप में की है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला को अवैध शराब की सप्लाई कहां से होती थी और इस कारोबार में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।