मुरैना जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और क्रय-विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बागचीनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर के दो अवैध देशी कट्टे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर एवं एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के मार्गदर्शन में थाना बागचीनी पुलिस ने कार्रवाई की।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम तातियापुरा मोड़ के पास अवैध हथियारों की तस्करी के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर के दो देशी कट्टे और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 27 हजार रुपये कीमत का माल जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना बागचीनी में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
