चंबल में अवैध रेत कारोबार पर प्रहार, 4.40 लाख की रेत मिट्टी में मिलाई

मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को सबलगढ़ क्षेत्र के ग्राम कैमारा खुर्द में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस, एसएएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से भंडारित रेत को नष्ट कर रेत माफियाओं को कड़ा संदेश दिया।अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं प्रभारी एसडीओपी सबलगढ़ उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना टैंटरा पुलिस, एसएएफ तथा वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम कैमारा खुर्द में छापामार कार्रवाई की। मौके पर सड़क किनारे करीब 200 ट्रॉली (लगभग 400 घनमीटर) रेत अवैध रूप से भंडारित पाई गई।संयुक्त टीम ने मौके पर एक लोडर की सहायता से करीब 4.40 लाख रुपये मूल्य की रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध रेत कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को चंबल नदी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन, उत्खनन और भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध परिवहन में उपयोग होने वाले मार्गों की पहचान कर उन्हें अवरुद्ध करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

error: Content is protected !!