आंखों के सामने पिता ने तोड़ा दम, बेटी ने डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप

मुरैना। शहर के मिल एरिया रोड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में उपचार के दौरान 55 वर्षीय मरीज की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी धर्मराज मीना ने शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सिविल सर्जन को पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मृतक की पहचान रामदीन कुशवाह पुत्र देवीराम कुशवाह, उम्र 55 वर्ष, निवासी जारोनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामदीन को बुखार की शिकायत थी। उनकी बेटी उन्हें उपचार के लिए मिल एरिया रोड स्थित डॉ केके गुप्ता के कृष्णा हॉस्पिटल लेकर पहुंची थी।

बेटी का आरोप- इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी हालत

मृतक की बेटी ने एसपी कार्यालय में दी शिकायत में आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उसके पिता का बीपी चेक करने के बाद दो इंजेक्शन लगाए। इसके बाद उनके मुंह में एक गोली भी डाली गई। बेटी के मुताबिक, इसके कुछ ही देर बाद रामदीन की हालत बिगड़ गई और उसकी आंखों के सामने ही उनकी मौत हो गई। बेटी ने आरोप लगाया कि पिता की मौत के बाद डॉक्टर ने उसके हाथ से पर्चा छीनकर फाड़ दिया और उसे बाहर निकाल दिया। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस पर भी अभद्रता के आरोप

परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर भी सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। मृतक की बेटी का कहना है कि पुलिस ने डॉक्टर को अंदर कर दिया, जबकि परिजनों को बाहर निकाल दिया गया। उसने आरोप लगाया कि उसकी बुआ और दीदी के साथ पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की।

एसपी ने दिए पोस्टमार्टम और जांच के निर्देश

शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे परिजनों की बात एसपी धर्मराज मीना ने सुनी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मृतक के शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सिविल सर्जन को फोन कर पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने को कहा गया।

फिलहाल डॉक्टर पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मरीज की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!