शनिदेव मंदिर में चढ़ने वाले सरसों तेल की होगी गुणवत्ता जांच

मुरैना। ऐंती स्थित श्री शनिदेव महाराज मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले सरसों तेल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने संबंधित अधिकारियों को तेल की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुरैना और तहसीलदार, बानमौर को निर्देशित किया है कि मंदिर में उपयोग होने वाले तथा श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले सरसों तेल की गुणवत्ता शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। इसके तहत मंदिर में वर्तमान में आपूर्ति किए जा रहे सरसों तेल के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। जांच के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मंदिर में उपयोग होने वाला तेल निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता है।

कलेक्टर ने भविष्य में मंदिर के लिए सरसों तेल की खरीदी शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से करने के निर्देश भी दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को टेंडर और खरीदी की पूरी प्रक्रिया में निर्धारित गुणवत्ता मानकों तथा आवश्यक शर्तों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य श्री शनिदेव महाराज की प्रतिमा पर चढ़ाए जाने वाले सरसों तेल की गुणवत्ता बनाए रखना और श्रद्धालुओं की आस्था एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण तेल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!