सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण का मामला: जीतू पटवारी ने कलेक्टर से की बात, दिग्विजय सिंह ने लिखा पत्र

मुरैना। सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र में सात्विक एग्रो इंडस्ट्रीज से निकलने वाले वेस्टेज वाटर को लेकर ग्रामीणों की शिकायत का मामला अब जिला प्रशासन से लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंच गया है। कांग्रेस नेता रामचित्र सिंह महाना ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मुरैना कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फैक्ट्री से निकल रहे गंदे और बदबूदार पानी की समस्या पर कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान पानी का सैंपल भी प्रशासन को सौंपा गया था।

बताया गया कि सात्विक एग्रो इंडस्ट्रीज से निकलने वाले कथित प्रदूषित पानी के संपर्क में आने से एक गाय की मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद रामचित्र सिंह महाना ने कांग्रेस के प्रदेश एवं वरिष्ठ नेताओं को पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया।

दिग्विजय सिंह ने कलेक्टर को लिखा पत्र

मामले की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुरैना कलेक्टर को पत्र लिखकर मामले में उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी मुरैना कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।

रामचित्र सिंह महाना के अनुसार, जीतू पटवारी ने उन्हें ई-मेल के माध्यम से भी इस मामले में पूरी गंभीरता और ईमानदारी से लड़ाई जारी रखने की बात कही।

प्रशासन ने गठित की जांच टीम

मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जांच के लिए टीम गठित की। कांग्रेस नेता के अनुसार, जांच के दौरान फैक्ट्री से संबंधित कई खामियां सामने आईं। इसके बाद मुरैना कलेक्टर ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भोपाल को पत्र लिखकर सात्विक एग्रो इंडस्ट्रीज के खिलाफ फैक्ट्री बंद कराने की कार्रवाई किए जाने के संबंध में लिखा है। इसके साथ ही सात्विक एग्रो इंडस्ट्रीज को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेता रामचित्र सिंह महाना ने कहा कि फिलहाल फैक्ट्री ने अपना काम धीमा कर दिया है और पानी को रोक दिया गया है, लेकिन ग्रामीणों की समस्या का अभी स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ दोबारा आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

error: Content is protected !!