मुरैना। पोरसा थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार ईको कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा पोरसा के भिंड रोड पर ओम पैलेस के सामने हुआ।

जानकारी के अनुसार, गांधी नगर पोरसा निवासी मनीष पुत्र राजेन्द्र जैन (38) और गोरमी निवासी आनंद पुत्र प्रकाश चंद्र जैन बाइक से सुकाण्ड गांव स्थित जैन मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पोरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया।पुलिस ने ईको कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।