आधी रात नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा, कार से हथियार और कैश बरामद

मुरैना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। हादसा रात करीब 2 से 3 बजे के बीच काका ढाबा के सामने हुआ। दुर्घटना में कार सवार चार युवक घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल मुरैना लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया।

आगरा से मुरैना की ओर आ रहे थे युवक

पुलिस के अनुसार कार सवार युवक आगरा की ओर से मुरैना की तरफ आ रहे थे। काका ढाबा के सामने कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों युवक घायल हो गए।

कार की तलाशी में मिले हथियार और नकदी

हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से एक पिस्टल, धारदार हथियार और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक कार सवार चारों युवक भोपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

आपराधिक रिकॉर्ड और पिछले मूवमेंट की जांच

कार से हथियार और नकदी बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस युवकों के आपराधिक रिकॉर्ड के साथ उनके पिछले मूवमेंट की भी जानकारी जुटा रही है। बरामद हथियार और नकदी के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हथियार और नकदी युवकों के पास किस उद्देश्य से थी और क्या उनका किसी आपराधिक वारदात से कोई संबंध है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!