मुरैना। फिरोजाबाद में पशु व्यापारियों की कार से करीब 41 लाख रुपये से भरे दो बैग चोरी कर फरार हुए चार कथित आरोपियों की कार मुरैना में हादसे का शिकार हो गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार चारों युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक घायल आरोपियों की पहचान रिहान पुत्र इरफान खान (22), खालिद पुत्र नजीर कुरैशी (40), अरसव पुत्र आसिफ खान (35) और आबिद पुत्र अब्दुल्ला अंसारी (27), निवासी भोपाल के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड में चारों के नाम कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की सूची में दर्ज बताए गए हैं

फिरोजाबाद में रेकी के बाद वारदात का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, राज नामक युवक ने फिरोजाबाद में पशु व्यापारियों की रेकी करने के बाद इन आरोपियों को कथित तौर पर वारदात के लिए बुलाया था। पशु व्यापारी जान मोहम्मद, रहीश और अनीश खान करीब 41 लाख रुपये दो बैगों में लेकर रात लगभग 2 बजे कार से घर से निकले थे। आरोप है कि मौका पाकर बदमाश उनकी कार से दोनों बैग चोरी कर फरार हो गए।घटना के बाद फिरोजाबाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू किया और उन्हें टूंडला तक ट्रेस किया।

घंटे में 118 किलोमीटर का सफर
पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद आरोपी तेज रफ्तार कार से मुरैना की ओर भागे। करीब दो घंटे में 118 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद वे मुरैना पहुंचे। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर ओवरटेक करने के दौरान कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार की तलाशी ली। कार से चोरी के दोनों बैग और 41 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा राउंड, एक खंजर और काले मास्क भी बरामद किए।
हादसे के बाद सामने आई चोरी की कहानी
सड़क हादसे के बाद कार की तलाशी में बड़ी मात्रा में नकदी और हथियार मिलने पर पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो फिरोजाबाद में हुई 41 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया। पुलिस ने नकदी और हथियारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चारों घायल आरोपियों का ग्वालियर में उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, आगे की जांच में चोरी की वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट की जाएगी।