मुरैना। जौरा थाना क्षेत्र में फल के पैसे मांगना एक विक्रेता को भारी पड़ गया। आरोप है कि करीब एक हजार रुपये के फल खरीदने के बाद पैसे मांगने पर चार युवकों ने फल विक्रेता के साथ बीच सड़क पर डंडों से मारपीट कर दी। घटना में घायल फल विक्रेता को उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 18 जौरा निवासी सुनील प्रजापति पुत्र मुरारी लाल पवाया रोड पर फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। बुधवार रात करीब 8 बजे लालू त्यागी, सूरज त्यागी, सौरभ त्यागी और भावेश भदौरिया उसके ठेले पर पहुंचे और करीब एक हजार रुपये के फल खरीदे। सुनील ने जब फलों के पैसे मांगे तो आरोप है कि चारों युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने बीच सड़क पर डंडों से सुनील की पिटाई कर दी। मारपीट में वह घायल हो गया, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
सात दिन पहले बेटे से भी मारपीट का आरोप
पीड़ित सुनील का आरोप है कि करीब सात दिन पहले उसके बेटे के साथ भी इन्हीं आरोपियों ने मारपीट की थी। अब उसके साथ मारपीट के बाद पुलिस में शिकायत करने पर आरोपियों द्वारा गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की शिकायत के बाद जौरा थाना पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव के मुताबिक, बुधवार शाम पवाया रोड पर चार नामजद आरोपियों द्वारा फल विक्रेता के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।