मुरैना। नेशनल हाईवे-44 पर नूराबाद थाना क्षेत्र के जड़ेरुआ गांव के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक फिसलने के बाद सड़क पर गिरे चार लोगों को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सूरज पुत्र दीवान कुशवाह (18), श्रीकांत पुत्र श्रीचंद कुशवाह (10), राजकुमारी पुत्री बलवीर कुशवाह (8) और किरण पत्नी आंजय कुशवाह (20) के रूप में हुई है। चारों भोना का पुरा, लोहगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
बाइक फिसलने से सड़क पर गिरे चारों
पुलिस के अनुसार, चारों लोग बाइक से मुरैना से बानमोर की ओर जा रहे थे। जड़ेरुआ गांव के पास अचानक बाइक फिसल गई, जिससे चारों सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा अज्ञात वाहन उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद हाईवे पर मची अफरा-तफरी
भीषण हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हाईवे पर यातायात व्यवस्था को भी बहाल कराया गया।
नूराबाद थाना प्रभारी ने दी जानकारी
नूराबाद थाना प्रभारी सौरभ पुरी ने बताया कि बाइक फिसलने से चार लोग सड़क पर गिर गए थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने चारों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान कर ली गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
एक साथ चार लोगों की मौत से लोहगढ़ क्षेत्र में शोक का माहौल है।