मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिलेभर में अवैध रेत परिवहन, उत्खनन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। थाना सरायछौला पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम गयापुरा में अवैध रूप से भंडारित रेत को नष्ट कर दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने ग्राम गयापुरा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 550 ट्रॉली (लगभग 1100 घनमीटर) रेत अवैध रूप से भंडारित पाई गई।
पुलिस और वन विभाग की टीम ने एक जेसीबी मशीन और दो लोडरों की सहायता से करीब 11 लाख रुपये मूल्य की इस रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि चंबल नदी क्षेत्र में अवैध खनन और रेत के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
