मुरैना। दिमनी थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर लोहे के सरिये से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।पुलिस के अनुसार फरियादी कोमल जाटव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके जीजा धर्मेन्द्र जाटव ने उसकी बहन निशा जाटव के साथ मारपीट की और सिर पर लोहे का सरिया मारकर उसकी हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर थाना दिमनी में 16 जून 2026 को अपराध क्रमांक 106/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विजय सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की।लगातार प्रयासों के दौरान 17 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र जाटव को न्यू ग्रीन फील्ड हाईवे क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
