साहब… उम्र निकलती जा रही है, पिता शादी नहीं करवा रहे, दो बहनों ने SP से लगाई गुहार

मुरैना। अंबाह थाना क्षेत्र की भूमिया रोड बस्ती से दो सगी बहनों द्वारा पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना से मदद की गुहार लगाने का मामला सामने आया है। दोनों बहनों ने अपने पिता पर घरेलू हिंसा, मारपीट और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया है। बहनों का आरोप है कि उनके पिता लंबे समय से परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हैं और कई बार खाना तक बंद कर देते हैं। उनका कहना है कि उनकी मां घरेलू महिला हैं और परिवार में परिस्थितियों के चलते उनका साथ देने वाला कोई नहीं है।

‘हम पांच बहनें और तीन भाई हैं’

दोनों बहनों के मुताबिक, परिवार में पांच बहनें और तीन भाई हैं। उनका आरोप है कि पिता सभी बच्चों के साथ मारपीट करते हैं और घरेलू जरूरतों को लेकर भी परेशान करते हैं। दोनों बहनों की उम्र 28-29 वर्ष से अधिक हो चुकी है। उनका कहना है कि पिता उनकी शादी कराने के लिए भी तैयार नहीं हैं। बहनों ने अपनी बुआ का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी बुआ की शादी करीब 40 वर्ष की उम्र में उनके चाचा ने कराई थी। दोनों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय से घरेलू परिस्थितियों का सामना किया है और अब अपनी शादी को लेकर भी चिंतित हैं।

‘साहब, हमारी मदद कीजिए’

पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में दोनों बहनों ने पिता के खिलाफ लगाए गए घरेलू हिंसा और उत्पीड़न के आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से अपनी सुरक्षा और सहायता की गुहार लगाते हुए कहा कि बचपन से अत्याचार सहते आ रहे हैं और अब उम्र निकलती जा रही है।

पुलिस द्वारा आवेदन की जांच किए जाने के बाद आरोपों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

error: Content is protected !!