पथरी के ऑपरेशन के बाद अचानक ब्लीडिंग, ग्वालियर ले जाते समय 55 वर्षीय महिला की मौत; अस्पताल के बाहर हंगामा

मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के बाद 55 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ने और ग्वालियर ले जाते समय मौत का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मामला दर्ज करने की मांग की। मृतका की पहचान राधा पत्नी मूलचंद वाल्मीकि, उम्र 55 वर्ष, निवासी सिंघल बस्ती, मुरैना के रूप में हुई है।

12 सितंबर को कराया था भर्ती

परिजनों के अनुसार राधा को पथरी के उपचार के लिए 12 सितंबर को श्रीराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका पथरी का ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार शाम अचानक महिला को ब्लीडिंग होने लगी। इसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ने लगी।

ग्वालियर रेफर के दौरान मौत

महिला की गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया। परिजन महिला को लेकर ग्वालियर के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन शव को लेकर वापस श्रीराम हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई और मामला दर्ज करने की मांग की।

मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस

हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। खबर लिखे जाने तक पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत जारी थी। फिलहाल महिला की मौत को लेकर परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मौत की वास्तविक वजह और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

error: Content is protected !!