मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और क्रय-विक्रय के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 17 और 18 सितंबर 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 11 प्रकरण दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 83 लीटर अवैध देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 74,960 रुपये बताई गई है, जब्त की है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं संबंधित अनुभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में रामपुर थाना क्षेत्र में 3, दिमनी, पहाड़गढ़, स्टेशन रोड, सिविल लाइन, पोरसा, सुमावली, नगरा और अंबाह थाना क्षेत्रों में एक-एक प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

आदतन अपराधियों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अवैध शराब के कारोबार में पूर्व से लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। 17-18 सितंबर को बीएनएसएस की धारा 126 और 135(3) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के प्रयास किए गए। पुलिस टीमों द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त संभावित व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और अवैध शराब की संभावना वाले स्थानों पर लगातार चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
आमजन से पुलिस की अपील
मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।